अधिकारी कर्मचारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता, ईमानदारी से करें यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजली होगी।

जिले में 25वां राज्य स्थापना रजत जयंती दिवस सादगी के साथ हर्षोल्लास से मनाया
रूद्रपुर। 25वां राज्य स्थापना रजत जयंती दिवस जनपद में सादगी के साथ हर्षोल्लास से मनाया गया। जनपद मुख्यालय पर मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, निवर्तमान मेयर रामपाल सिंह, जिलाध्यक्ष भाजपा कमल जिंदल, गुजंन सुखीजा, डीएम उदयराज सिंह, एसएसपी मणीकांत मिश्रा, सीडीओ मनीष कुमार सहित राज्य आन्दोलनकारियों व अन्य अधिकारियों द्वारा राज्य आन्दोलन में अपना सर्वस्व न्यौछावर करने वाले शहीदों के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजली दी गयी। इस दौरान राज्य आन्दोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस मौके पर सांसद भट्ट ने 25वां राज्य स्थापना दिवस की सभी को बधाई देते हुये कहा कि विपरीत परिस्थितियों में कड़े संघर्ष के बाद राज्य मिला है, राज्य की प्राप्ति के लिए आन्दोलनकारियों ने अपने प्राणों की आहूती दी। जेल में अनेकों यातनाएं सही है और राज्य निर्माण में मातृ शक्ति ने बहुत बड़ा संघर्ष किया है। हमारी मातृ शक्ति ने राज्य निर्माण हेतु आधारशिला का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी ने मानवीय संवेदनाओं,मूल भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य गठन कर, आन्दोलनकारियों के सपनों के अनुरूप राज्य का तोहफा दिया।राज्य ने इन 24 वर्षों के सफर में बहुत कुछ पाया है और भी बहुत कुछ पाना बाकी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का देवभूमि से विशेष लगाव है और कई अरब रूपये की योजनाएं उत्तराखण्ड को दी है। बाबा केदारनाथ की भूमि से प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था आने वाला दशक उत्तराखंड का दशक होगा। उन्होंने कहा कि सीएम पुष्कर सिंह धामी ने संकल्प लिया कि 2025 तक अपने राज्य को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाएंगे। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य के चहुमुॅखी विकास हेतु सभी को एकजुट होकर कार्य करना होगा। राज्य में आन्दोलनकारियों को 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण, नकल विरोधी कानून, धर्मान्तरण विरोधी कानून, समान नागरिक संहिता सहित रूद्रपुर में बाईपास, किच्छा में सेटेलाईट एम्स की स्थापना, स्मार्ट औद्योगिक पार्क, रूद्रपुर में फोरेसिंक विश्वविद्यालय स्वीकृति, आद्युनिक सर्किट हाउस का निर्माण,पंतनगर एयरपोर्ट विस्तारीकरण को विस्तारीकरण कर इंटरनेशनल स्तर का बनाया जा रहा है इसके साथ ही नई रेल का संचालन, सड़को का विकास, प्रदेश में हैली सेवा संचालित की गई है तथा बहुप्रत्याशित जमरानी बांध का
निर्माण किया जा रहा है। काशीपुर में गैस वेस पॉवर प्लांट बनाया गया है। राज्य सरकार ने अभी तक 18 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रदेश को हैलीकॉप्टर दिया है जिससे गम्भीर मरीजो को एयर लिफ्ट कर उच्च चिकित्सालयों में उपचार हेतु भेजा जा सकेगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक शिव अरोरा ने राज्य स्थापना की रजत जयंती की सभी को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास से बनाया जा रहा है। उन्होने राज्य आन्दोलनकारियों व शहीदो को नमन करते हुए कहा कि आन्दोलनकारियों के संघर्ष व बलिदान से ही हमें उत्तराखण्ड राज्य मिला है। सरकार राज्य आन्दोलनकारियों के मंशा के अनुरूप दिन रात ईमानदारी से कार्य करते हुए राज्य का चहुमुखी विकास कर रही है।
डीएम उदयराज सिंह ने कहा कि राज्य आन्दोलनकारियों ने जिन अपेक्षाओं आकांक्षाओं को लेकर राज्य गठन हेतु आन्दोलन किया था, उनकी भावनाओं के अनुरूप निरंतर कार्य किये जा रहे हैं। उन्होने कहा कि चहुमुखी विकास हेतु प्रत्येक व्यक्ति को अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देना होगा। उन्होने कहा कि सभी कर्मचारी तथा अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, तत्परता एवं ईमानदारी से करे यही शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजली होगी।
कार्यक्रम मेंं विभिन्न विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए थे।
कार्यक्रम में पशुपालन विभाग द्वारा गोटवैली योजना के लाभार्थी मुन्ना लाल व आशीष बिष्ट को 30-30 हजार के चैक वितरित किये गये साथ ही स्वच्छता ही सेवा के अन्तर्गत नगर निगम ने मुकेश रजौरिया, महेन्द्र सिंह, सुनील कुमार, पूरन सिंह बोहरा, मनोज कुमार कर्नाटक, विनोद कुमार सागर को उत्कृष्ट कार्य हेतु अंगवस्त्र, प्रतीक चिन्ह व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। नगर निगम का हाउस टेक्स जमा करने हेतु बैंक ऑफ बड़ौदा के पोर्टल पर ऑनलाईन जमा करने का प्रतीकात्मक शुभारम्भ किया गया। कार्यक्रम में एडीएम अशोक कुमार जोशी, पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी मनोज कत्याल, नगर आयुक्त नरेश चन्द्र दुर्गापाल, उप नगर आयुक्त शिप्रा जोशी, एसडीएम मनीष बिष्ट, ओसी डा अमृता शर्मा, गौरव पाण्डेय, समेत राज्य आन्दोलनकारी हरीश पनेरू, अनिल चौहान, कमलेन्द्र सेमवाल, पीसी शर्मा,बलराज सिंह, सुनील चौहान,अवतार सिंह बिष्ट, चन्द्रा पंत,जानकी जोशी, देवकी बिष्ट, कांति भाकुनी, सावित्री जोशी, शिव भाटियां सहित अनेक राज्य आन्दोलनकारी, अधिकारी आदि मौजूद थे।
