
मुकेश गुप्ता
रुद्रपुर। थाना ट्रांजिट कैंप क्षेत्र निवासी दो लोगों ने एक कांग्रेसी नेता पर शस्त्र लाइसेंस बनवाकर शस्त्र दिलाने के नाम पर लाखों रुपए की एंठने का आरोप लगाया। दोनों ने एसपी सिटी से मिल कर रुपए वापस दिलाने की मांग की। आरोपी के खिलाफ नामजद शिकायती पत्र भी दिया है। शुक्रवार को आनंद विहार वार्ड एक फुलसुंगा निवासी वीरेंद्र कुमार यदुवंशी और चंद्रपाल मौर्य पुलिस कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल से मुलाकात की। इस दौरान दोनों ने अलग अलग शिकायती पत्र दिए। वीरेंद्र कुमार यदुवंशी ने बताया कि उन्हें शस्त्र लाइसेंस बनवाने थे। तभी कीरतपुर निवासी एक व्यक्ति से मुलाकात हुई । उन्होंने शस्त्र लाइसेंस बनवाने का भरोसा दिलाया। उस व्यक्ति पर विश्वास कर शस्त्र लाइसेंस बनवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी। यह कार्रवाई वर्ष 2022 में शुरू हुई। बताया कि उनकी पुलिस व प्रशासन में पहुंच है। शस्त्र लाइसेंस बन जाएंगे। बताया कि 4.70 लाख रुपए दिए थे। आरोप है कि अब तक न तो शस्त्र लाइसेंस बने और ना ही रुपए वापस किए। रुपए वापस करने को कहा तो गाली गलौज करनी शुरू कर दी। उधर इसी कालोनी निवासी चंद्रपाल मौर्य ने भी उसी व्यक्ति पर शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर 2.50 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया। 5 जनवरी 2022 को रुपए दिए थे। 7फरवरी 2022 को काम कराने का भरोसा दिया था। अब तक शस्त्र लाइसेंस बनवा कर नहीं दिया। रुपए भी वापस नहीं किए। रुपए वापसी करने को धमकी देने का आरोप लगाया। दोनों लोगों ने एसपी सिटी से रुपए दिलाने की गुहार लगाई है।
—–एसपी सिटी ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
रुद्रपुर। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने दोनों पीड़ितों को आरोपी के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है। उन्होंने बताया कि संबंधित थाना पुलिस से जांच कराई जाएगी। ऐसे लोगों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इधर कांग्रेसी नेता से इस मामले में बात करने की कोशिश की तो बात नहीं हो सकी और उनका नंबर बंद आ रहा था।
—– पिछले दिनों चेक बाउंस के मामले में गिरफ्तार किए गए
रुद्रपुर। आरोपी के खिलाफ कोर्ट से चेक बाउंस के मामले में वारंट जारी हुआ था। इस पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था।
पूर्व में नगर कांग्रेस कमेटी में प्रवक्ता पद पर रह कर काम किया
रुद्रपुर। शस्त्र लाइसेंस बनवाने के नाम पर रुपए ऐंठने का आरोपी कांग्रेसी नेता पूर्व में नगर कांग्रेस में प्रवक्ता पद पर रह कर काम कर चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कांग्रेसी नेता की कई पुलिस इंस्पेक्टर व दरोगाओं को से अच्छी पैठ थी।